स्कूल में मासूम से दुराचार, आरोपी पकड़ा

स्कूल में मासूम से दुराचार, आरोपी पकड़ा

  • चौकीदार की सात वर्षीय बेटी के साथ वारदात, पीपल के पत्ते तोड़ने आए युवक ने अकेला देखकर दबोचा

आगरा:- न्यू आगरा क्षेत्र स्थित एक स्कूल परिसर में शुक्रवार की शाम सात वर्षीय बालिका के साथ दुराचार की घटना हुई। मासूम को लहूलुहान हालत में इलाज के लिए लेडी लॉयल अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपित को पुलिस ने चंद घंटे में ही दबोच लिया। वह स्कूल में बकरी के लिए पीपल के पत्ते तोड़ने आता था। शनिवार को उसे जेल भेज दिया गया। आरोपित के खिलाफ मौके से पुख्ता वैज्ञानिक साक्ष्य मिले हैं।

घटना शाम करीब साढ़े सात बजे की है। बालिका कक्षा तीन की छात्रा है। पिता मूलत नेपाल के निवासी हैं। 15 साल से आगरा में रह रहे हैं। स्कूल में चौकीदार हैं। स्कूल परिसर में ही चौकीदार का आवास है। घटना के समय बच्ची अकेली थी। मां और बड़ी बहन बाजार गई थीं। पिता स्कूल के पास ही एक प्लाट में बने ऑफिस में चाय बना रहा था। कुछ लोग मिलने आए थे। इसी दौरान गैलाना निवासी मोहम्मद अली पत्ते लेने वहां आया। उसने बच्ची को अकेला देखा। उसे दबोच लिया। कमरे में उसके साथ दुराचार किया। कोई आता इससे पहले आरोपित भाग गया। पिता लौटे तो बिस्तर पर खून और बेटी की हालत देखकर बुरी तरह घबरा गए। बेटी रो रही थी। उन्होंने पूछा क्या हुआ। यह खबर आप बेसिक शिक्षा न्यूज़ डॉट इन पर पढ़ रहे हैं। बच्ची ने सिर्फ इतना बोला कि मोहम्मद अंकल। इसी बीच बच्ची की मां और बहन लौट आए। पुलिस को सूचना दी गई। आनन-फानन में बालिका को इलाज के लिए लेडी लॉयल अस्पताल भेजा गया। उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। घटना से वह बुरी तरह सहम गई है। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी खंगाले। चौकीदार को यह नहीं पता था कि मोहम्मद का पूरा नाम क्या है। वह कहां रहता है। घटना की सूचना पर डीसीपी सिटी विकास कुमार फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने चंद घंटे की मशक्कत के बाद आरोपित का घर खोज निकाला। उसे दबोच लिया। पुलिस आयुक्त डॉक्टर प्रीतिंदर सिंह ने निर्देश दिए हैं कि 10 दिन में चार्जशीट लगाएं। ठोस पैरवी कर आरोपित को जल्द से जल्द कड़ी सजा दिलाएं।

गला दबाकर हत्या की धमकी भी दी

आरोपित ने घटना के बाद बच्ची को डराया-धमकाया भी था। उससे कहा कि उसे भगवान की कसम है किसी को कुछ नहीं बताए। उसके बारे में बताया तो गला दबाकर मार डालेगा। बच्ची ने अपने बयान में पुलिस को यह बताया है। बच्ची के पिता ने पुलिस को बताया कि आरोपित स्कूल परिसर में लगे पीपल के पेड़ से पत्ते तोड़ने आता था। पत्ते बकरी के लिए ले जाता था। उन्होंने उसे कभी नहीं रोका। उन्हें सपने में भी यह उम्मीद नहीं थी कि अपने ही घर में उनकी बच्ची असुरक्षित है। उसके अकेला छोड़ने पर इतनी बड़ी वारदात हो जाएगी।

फोरेंसिक साक्ष्य दिलाएंगे आरोपित को सजा

20 वर्षीय मोहम्मद अली की हरकत ने मानवता को झकझोर दिया है। पुलिस की मानें तो उसे सजा मिलना तय है। पुलिस के पास कई फोरेंसिक साक्ष्य हैं। कोर्ट में उनकी किसी के पास कोई काट नहीं होगी। जल्द डीएनए मिलान के लिए आरोपित के खून के नमूने लिए जाएंगे। प्रार्थना पत्र देकर कोर्ट से इसकी अनुमति ली जाएगी।

आरोपित अविवाहित है। घटना की सूचना पर तत्काल फोरेंसिक टीम को बुलाया गया था। फोरेंसिक टीम ने सबसे पहले बिस्तर पर बिछी उस चादर को कब्जे में लिया। जो खून से लथपथ थी। बच्ची के कपड़े कब्जे में लिए गए। आरोपित को पकड़ा गया तो उसके अंडर गारमेंट पर भी खून लगा मिला। बच्ची का मेडिकल कराया गया है। जांच के लिए स्लाइड बनाई गई। आरोपित के कपड़ों पर लगा खून बच्ची का है। यह वैज्ञानिक जांच में साफ हो जाएगा।

घटना के बाद के सीसीटीवी फुटेज पुलिस के पास हैं। जिनमें आरोपित भागता दिख रहा है। आरोपित को भागते समय बच्ची के पिता ने भी देखा था। उस समय तक उन्हें यह नहीं पता था कि आरोपित ने उनकी बच्ची के साथ घटना की है। डीसीपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि ये सारे साक्ष्य आरोपित को सजा दिलाने के लिए पर्याप्त हैं।