12460 शिक्षक भर्ती : 400 शिक्षकों के अभिलेखों में खामी, रोके नियुक्ति पत्र

12460 शिक्षक भर्ती : 400 शिक्षकों के अभिलेखों में खामी, रोके नियुक्ति पत्र

सीतापुर, 12,460 शिक्षक भर्ती के तहत काउंसिलिंग में आवेदन करने वाले करीब 400 शिक्षकों के अभिलेखों में गड़बड़ी मिली है। नियुक्ति पत्र वितरण के समय हुई जांच में मामला पकड़ा गया। बीएसए ने इनके नियुक्ति पत्र रोक दिए हैं। शासन स्तर से निर्देश मिलने पर ही इन्हें नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।

भर्ती के तहत जिले में 845 पदों पर शिक्षकों की भर्ती की जानी है। इसके लिए सोमवार देर शाम नियुक्ति पत्र बांटे गए। इस दौरान बीएसए दफ्तर में अभ्यर्थियों के अभिलेखों की जांच की गई। जांच में उनके अभिलेखों में कुछ गड़बड़ी मिली।

इस पर करीब 400 शिक्षकों के नियुक्ति पत्र रोक दिए गए हैं। इससे यह अभ्यर्थी बिना नियुक्ति पत्र लिए वापस घर लौट गए। अब इन शिक्षकों की सूचना शासन को भेज दी गई है। यह खबर आप बेसिक शिक्षा न्यूज डॉट इन पर पढ़ रहे हैं। शासन के अगले निर्देश पर ही इनको नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।

स्कूल के लिए करना होगा इंतजार

करीब 450 शिक्षकों को सोमवार देर शाम नियुक्ति पत्र बांटे गए लेकिन अभी इन शिक्षकों को विद्यालय आवंटित नहीं हुए हैं। इससे शिक्षकों को विद्यालय के लिए अभी इंतजार करना पड़ेगा। तब तक ये सभी बीएसए कार्यालय पर ही हाजिरी लगाएंगे।

रोक दिए गए है नियुक्ति पत्र

अभिलेखों में गड़बड़ी के चलते करीब 400 नियुक्ति पत्र रोके गए हैं। अब शासन को इसकी जानकारी दे दी गई है। शासन से निर्देश मिलने पर ही अगली प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

- अखिलेश प्रताप सिंह, बीएसए