निगम के स्कूलों में सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे
छह हजार से ज्यादा नियुक्तियां को हरी झंडी, केजरीवाल बोले- निगम में भी शिक्षा को प्राथमिकता के आधार पर लेकर काम कर रहे
- 23 प्रस्ताव दिल्ली नगर निगम की सदन की बैठक में रखे गए थे।
- 18 प्रस्ताव दिल्ली नगर निगम की सदन की बैठक में रखे गए थे।
- 6589 पदों पर निगम में भर्ती की जाएगी।
नई दिल्ली, वरिष्ठ संवाददाता। दिल्ली नगर निगम में छह हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती की जाएगी। इस संबंध में बुधवार को निगम की बैठक में प्रस्ताव पास किया गया है। इस बारे में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जानकारी दी कि निगम में 6589 नई नौकरियों का प्रस्ताव पास किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन नई नौकरियों में 2949 सुरक्षा कर्मी और 3640 सफाई कर्मियों की भर्ती की जाएगी। निगम के स्कूलों में सफाई के लिए अलग से कर्मचारी और सुरक्षा के लिए सिक्योरिटी गार्ड होंगे। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली सरकार की तरह हम नगर निगम में भी शिक्षा को प्राथमिकता के आधार पर लेकर काम कर रहे हैं। इन नई नौकरियों से बहुत से युवाओं को रोजगार भी मिलेगा। हमारा मकसद आने वाली पीढ़ी को तैयार करना है। उन्हें बेहतर माहौल देना है। शिक्षा के क्षेत्र में हम किसी भी स्तर पर कोई कमी नहीं होने देंगे।
हंगामे के बीच प्रस्ताव पास बैठक में 23 प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए। पार्षदों के हंगामे के बीच महापौर डॉ. शैली ओबरॉय ने 23 में से 18 प्रस्ताव पास किए। साथ ही तीन प्रस्ताव टाले गए और दो वापस भेजे गए। इन प्रस्ताव के तहत निगम कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी की जाएगी। इसमें अकुशल, अर्ध कुशल और कुशल कर्मचारियों के न्यूनतम वेतन बढ़ेगा। यह खबर आप बेसिक शिक्षा न्यूज़ डॉट इन पर पढ़ रहे हैं। अकुशल कर्मचारियों का वेतन 16,792 रुपये से बढ़कर 17,234 रुपये, अर्ध कुशल कर्मचारियों का वेतन 18,499 से बढ़कर 18,993 रुपये और कुशल कर्मचारियों का वेतन 20,357 से बढ़कर 20,903 रुपये होगा। साथ ही निगम के पर्यवेक्षी स्टाफ और लिपिक कर्मचारियों का भी वेतन बढ़ेगा।
दिल्ली महिला आयोग संज्ञान ले भाजपा
नई दिल्ली, भाजपा ने सदन बैठक में कांग्रेस की महिला पार्षद पर अभद्र टिप्पणी मामले में दिल्ली महिला आयोग से स्वत संज्ञान लेने की अपील की है। भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल से मांग की है वे इस मामले का स्वत संज्ञान लें।
पार्षद ने अभद्र टिप्पणी का आरोप लगाया
नई दिल्ली, दिल्ली नगर निगम की सदन की बैठक में बुधवार को कांग्रेस की महिला पार्षदों ने आप पार्षद पर अभद्र टिप्पणी का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध किया।
कांग्रेस की महिला पार्षद नाजिया खातून ने आप के एक पार्षद पर अभद्र टिप्पणी करने का आरोप लगाया। दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने महिला पार्षद पर अभद्र टिप्पणी करने वाले पार्षद को निलंबित करने की मांग की है।
सीएम अरविंद केजरीवाल के निर्देश पर स्कूलों में सुरक्षा कर्मी और सफाई कर्मचारियों को नियुक्त करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। क्योंकि निगम के स्कूलों में कई सालों से सुरक्षाकर्मी और सफाई कर्मचारी नहीं हैं। इसकी वजह से अध्यापकों को ही सभी काम करने पड़ते हैं।
- डॉ. शैली ओबरॉय, महापौर, दिल्ली नगर निगम