एएमयू और जामिया सीयूईटी से दाखिला करें यूजीसी

नई दिल्ली:- विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने जामिया मिलिया इस्लामिया और अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय को कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी) अपनाने के लिए पत्र लिखा है। यूजीसी ने सभी केंद्रीय विश्वविद्यालयों को पत्र लिखकर दोहराया है कि अनिवार्य तौर पर सीयूईटी से दाखिले किए जाएं।
यूजीसी ने केंद्रीय विश्वविद्यालयों को सभी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए सीयूईटी स्कोर का उपयोग करने को कहा है। हालांकि, यह देखा गया है कि अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय ने सीयूईटी में भाग लेने का विकल्प चुना है। यूजीसी ने पत्र में कहा कि इच्छुक उम्मीदवारों को समान अवसर प्रदान करने के लिए एएमयू सहित सभी केंद्रीय विश्वविद्यालयों को सीयूईटी-2023 में सभी स्नातक कार्यक्रमों में भाग लेने की आवश्यकता है।
यूजीसी के अध्यक्ष एम जगदीश कुमार के अनुसार 2023 शैक्षणिक सत्र के लिए करीब 120 विश्वविद्यालयों ने पहले ही सहमति जताई है। यूजीसी ने स्नातक और स्नातकोत्तर कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए पिछले वर्ष सीयूईटी की शुरुआत की थी।

