जिला विद्यालय निरीक्षक के निरीक्षण में सवालों का जवाब नहीं दे सके बच्चे
हरदोई:- जिला विद्यालय निरीक्षक ने बुधवार को एक इंटर कॉलेज और एक प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों विद्यालयों में शिक्षा का स्तर निम्न मिला। विद्यालय के विद्यार्थी उनके सवाल का जवाब नहीं दे सके। इस पर प्रधानाचार्य व प्रधानाध्यापक को शैक्षिक स्तर में सुधार लाने के निर्देश दिए।
जिला विद्यालय निरीक्षक वीके दुबे ने प्राथमिक विद्यालय गरीबपुरवा का निरीक्षण किया। यहां विद्यालय परिसर में पानी भरा मिला। इस पर उन्होंने प्रधानाध्यापक को प्रधान से मिलकर जलनिकासी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने शिक्षण कक्ष में विद्यार्थियों से उनके पाठ्यक्रम के विषय में सवाल किए।
इसका अधिकांश बच्चे जवाब नहीं दे सके। इस पर प्रधानाध्यापक को शैक्षिक स्तर में सुधार के निर्देश दिए। इसके उपरांत डीआईओएस ने गंगा देवी इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षा 12 के बच्चों से यमक, श्लेष और अनुप्रास अलंकार के विषय में जानकारी ली।
इसका विद्यार्थी जवाब नहीं दे पाए। यहां शैक्षिक स्तर निम्न पाया गया। उन्होंने प्रधानाचार्य को शैक्षिक स्तर में सुधार लाने के निर्देश दिए।