प्रधानाचार्य भर्ती साक्षात्कार चुनाव के पहले कठिन

प्रधानाचार्य भर्ती साक्षात्कार चुनाव के पहले कठिन

प्रयागराज:- अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) माध्यमिक विद्यालयों के लिए आठ साल पहले निकाली गई प्रधानाचार्य भर्ती अब चुनावी प्रक्रिया के चलते फंस गई है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड ने अभ्यर्थियों के हाई कोर्ट में याचिका लगाए जाने के बाद 31 जनवरी तक साक्षात्कार करा लेने का हलफनामा दिया था। हालांकि, वह ऐसा करा नहीं सका। अब प्रदेश में हो रहे विधानसभा चुनाव के पहले भर्ती हो पाने के आसार नजर नहीं आते। 


इस मामले में चयन बोर्ड को हाई कोर्ट में जवाब देने में मुश्किल हो सकती है। चयन बोर्ड ने करीब 630 पदों के लिए प्रधानाचार्य भर्ती वर्ष 2013 में निकाली थी। इसके लिए करीब 25,000 आवेदन पत्र चयन बोर्ड को प्राप्त हुए थे। इसके बाद भर्ती ठंडे बस्ते में चली गई। इस पर हलचल तब शुरू हुई, जब जल्द भर्ती कराए जाने की मांग को लेकर लगाई गई अभ्यर्थियों की याचिका पर हाई कोर्ट ने जवाब तलब किया। स्थिति यह बनी कि चयन बोर्ड को भर्ती कराने के दावे के समर्थन में हलफनामा देना पड़ा। फरवरी के पहले हफ्ते में इस मामले में हाई कोर्ट में सुनवाई प्रस्तावित है। चयन बोर्ड को जवाब देना होगा।

Tags