परीक्षा के तनाव में 10वीं के छात्र ने फांसी लगाई

परीक्षा के तनाव में 10वीं के छात्र ने फांसी लगाई

लखनऊ, हाईस्कूल का पेपर देकर घर लौट कर अवनीश कुमार सिंह (16) ने मंगलवार शाम को फांसी लगा ली। अवनीश चचेरे भाइयों के साथ रहता था। जो हादसे के वक्त घर पर नहीं थे। रात में घर वापस आने पर उन्हें अवनीश के खुदकुशी करने का पता चला। उधर, पीजीआई में सुनील (36) ने फांसी लगा ली।

बहराइच निवासी किसान संदीप का बेटा अवनीश हाईस्कूल का छात्र था। अलीगंज चंद्रलोक कॉलोनी में वह चचेरे भाई आदित्य और आदर्श के साथ रहता था। मंगलवार को अवनीश का गणित की परीक्षा थी। सुबह वह कमरे से स्कूल गया था। इसके बाद आदित्य और आदर्श भी काम पर चले गए। शाम को घर लौटने पर उन्हें दरवाजा बंद मिला। कई बार दस्तक देने पर भी अवनीश ने जवाब नहीं दिया। 

इस पर दरवाजा तोड़ कर आदित्य और आदर्श घर में दाखिल हुए। जहां उन्हें अवनीश का शव कुण्डे में गमछे के फंदे से लटकता मिला। शुरुआती जांच में पता चला कि छात्र ने खुदकुशी से पहले पिता संदीप और मां उमा सिंह को फोन किया था। उस वक्त अवनीश बिल्कुल ठीक था। चचेरे भाई आदर्श के मुताबिक परीक्षा में अच्छे नम्बरों को लेकर अवनीश तनाव में रहता है। अंदेशा है कि इसी वजह से छात्र ने खुदकुशी की है।

फंदे से लटकता मिला मजदूर का शव

सुशांत गोल्फ सिटी बरौना निवासी सुनील उर्फ रोहित काफी दिनों से बहनोई अयोध्या प्रसाद के तेलीबाग स्थित मकान में रह रहा था। बुधवार सुबह सुनील का शव पंखे के हुक में प्लास्टिक रस्सी के फंदे से लटकता मिला। दरोगा राजेश के मुताबिक सुनील के खुदकुशी करने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।