बिहार के इस शहर में 5 डिग्री के करीब पहुंचा पारा : भोजपुर, बगहा, पटना में सुबह-सुबह छाया घना कोहरा; बिहार में आज से चलेगी पुरवैया

बिहार के इस शहर में 5 डिग्री के करीब पहुंचा पारा : भोजपुर, बगहा, पटना में सुबह-सुबह छाया घना कोहरा; बिहार में आज से चलेगी पुरवैया

बिहार में मौसम के मिजाज में उतार-चढ़ाव जारी है। पिछले 24 घंटे के दौरान सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस के साथ किशनगंज सबसे ठंडा रहा। इस सीजन में किसी शहर का यह सबसे कम न्यूनतम तापमान है। वहीं राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 26.9 डिग्री सेल्सियस अररिया में दर्ज किया गया। पटना का न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भोजपुर, बगहा और पटना में सुबह-सुबह घना कोहरा देखने को मिला।

मौसम विभाग की माने तो कई दिन से जारी पछुआ हवा के साथ कनकनी और बढ़ती ठंड में अगले पांच दिन के दौरान कमी आएगी। बंगाल की खाड़ी समेत अन्य समुद्री इलाकों में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन का सिस्टम बनने से हवा का रुख बदलेगा। अभी राज्यभर में पछुआ हवा का प्रवाह जारी है।

शुक्रवार से हवा की दिशा में बदलाव होने की संभावना है। उत्तर बिहार समेत राज्य के अधिकांश भागों में पछुआ की जगह पुरवैया चलेगी। इससे न्यूनतम और अधिकतम तापमान में वृद्धि होने का पूर्वानुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के मुताबिक, अगले दो दिनों के दौरान कोहरा छाने का पूर्वानुमान है।

अगले चार-पांच दिनों के दौरान तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी की संभावना है। इस बीच गुरुवार की सुबह हल्के कोहरे के बाद धूप खिली। लेकिन, शाम ढलने के बाद राजधानी समेत राज्य के अधिकांश हिस्से में सर्दी का सितम शुरू हो गया।

मौसम से जुड़ी तस्वीरें देखिए...