चांद पर चंद्रयान- 3 की लाइव लैंडिंग देखेंगे ढाई लाख विद्यार्थी
एटा, इसरो के विशेष आंतरिक्ष अभियान चंद्रयान-3 की बुधवार शाम 5.15 से 6 बजे के मध्य चंद्रमा पर लैडिंग होनी है। इसका लाइव प्रसारण जिले के 3229 स्कूल, कालेजों में ढाई लाख से अधिक छात्र-छात्राएं दिखेंगे। इसके लिए स्कूल खोलने और लाइव प्रसारण दिखाने के निर्देश प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापकों को दिए गए हैं।
डीआईओएस चंद्रकेश सिंह ने बताया कि चंद्रयान-3 की लाइव लैडिंग देखने को लेकर सभी वर्ग के लोगों में जिज्ञासा एवं उत्साह है। स्कूलों में चंद्रयान की लैडिंग का लाइव प्रसारण दिखाने को स्कूल खोलने और व्यवस्था कराने के निर्देश स्कूल प्रधानाचार्यो को दिए हैं। उन्होंने बताया कि जिले में 25 राजकीय, 54 सहायता प्राप्त सहित 568 माध्यमिक विद्यालय संचालित हो रहे है। इनमें लगभग एक लाख 25 हजार छात्र-छात्राएं अध्ययनरत है। इनको चंद्रयान-3 की लाइव लैडिंग दिखाने की व्यवस्था करने को निर्देशित किया गया है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि शासन से चंद्रयान-3 की लाइव लैडिंग का प्रसारण स्कूलों में छात्र-छात्राओं को दिखाने के निर्देश दिए है। शासन के निर्देश पर बुधवार शाम को स्कूल खोलकर छात्र-छात्राओं को चंद्रयान-3 के चंद्रमा पर उतरने का सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जिले के 1691 विद्यालयों में टीवी, मोबाइल, लैपटॉप पर लाइव प्रसारण छात्र-छात्राओं को दिखाने के प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में एक लाख 29 हजार छात्र-छात्राओं को प्रसारण दिखाया जाएगा।