UPPSC : पद नहीं, भेज दिया भर्ती का प्रस्ताव

UPPSC : पद नहीं, भेज दिया भर्ती का प्रस्ताव

लखनऊ : वन विभाग ने नियमों को ताक पर रखकर रेंजर के 100 पदों पर सीधी भर्ती का अधियाचन लोक सेवा आयोग को भेज दिया है। महत्वपूर्ण बात यह है कि विभाग में वर्तमान में रेंजर के सीधी भर्ती के कुल 291 पद ही हैं। जिसमें से 232 पदों पर सीधी भर्ती हो चुकी है और केवल 59 पद ही रिक्त हैं।

इसके बावजूद विभागीय विभागाध्यक्ष ने सारे नियमों व शासनादेशों को ताक पर रखकर 100 पदों पर सीधी भर्ती का अधियाचन लोक सेवा आयोग को भेज दिया। कुछ वर्ष पूर्व मुख्यमंत्री के अनुमोदन से वन विभाग में रेंजर की सीधी भर्ती के 362 पद में से 65 पद को स्थगित करते हुए सहायक वन संरक्षक के 65 पद इस शर्त के साथ बढ़ाए गए थे।

 कि जैसे- जैसे उन 65 पदों पर पदोन्नत सहायक वन संरक्षक रिटायर होंगे, वे पद वापस रेंजर की सीधी भर्ती में वापस आ जाएगे।

वर्तमान में उन 65 पदों में से मात्र 24 पद ही वापस आए हैं। शेष 41 पद अगले चार वर्षों में आएंगे लेकिन विभागाध्यक्ष ने बिना पद आए और बिना शासनादेश संशोधित हुए उन 41 पदों पर सीधी भर्ती का अधियाचन भेज दिया जो हैं ही नहीं। 

महामंत्री सहायक वन कर्मचारी संघ अमित श्रीवास्तव के अनुसार विभागाध्यक्ष द्वारा भेजे गए गलत अधियाचन प्रस्ताव का संगठन विरोध करता है। पदोन्नत संवर्ग के साथ सौतेला व्यवहार सहन नहीं किया जा सकता।

विभागीय कर्मियों की ओर से इस मामले में कुछ बिन्दु सामने आए हैं। फिलहाल अधियाचन में संशोधन के प्रयास किए जा रहे हैं

दीपक कुमार, मुख्य वन संरक्षक, प्रशासन