प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक भर्ती में जीव विज्ञान में पद बढ़ाने को कोर्ट जाएंगे अभ्यर्थी

प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक भर्ती में जीव विज्ञान में पद बढ़ाने को कोर्ट जाएंगे अभ्यर्थी

प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (TGT) भर्ती 2022 के विज्ञापन में जीव विज्ञान विषय में पदों की संख्या सिर्फ 50 है। इसमें पद बढ़ाए जाने की मांग अनसुनी किए जाने पर अभ्यर्थियों ने हाई कोर्ट जाने का निर्णय लिया है। अभ्यर्थियों का कहना है कि अधियाचन में गड़बड़ी के कारण कई जिलों से जीव विज्ञान विषय के पद विज्ञान में शामिल कर भेज दिए गए। इसी आधार पर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड ने भर्ती विज्ञापन जारी कर दिया, जिसका जीव विज्ञान विषय के अभ्यर्थी विरोध कर रहे हैं।


जीव विज्ञान विषय के 50 पद हैं : जीव विज्ञान संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह का कहना है कि चयन बोर्ड ने जो भर्ती विज्ञापन जारी किया है, उसमें गणित वर्ग के विज्ञान विषय में टीजीटी पदों की संख्या 540 है, जबकि जीवविज्ञान विषय में पदों की संख्या सिर्फ 50 है। संघर्ष मोर्चा के सदस्यों के माध्यम से इस विषमता पर जानकारी जुटाई गई तो कुछ जिलों से पता चला कि जीवविज्ञान विषय के रिक्त पद का विवरण विज्ञान विषय में भेज दिया गया। इस तरह जीव विज्ञान विषय में रिक्त पदों की संख्या कम हो गई है।

चयन बोर्ड पर सकारात्‍मक जवाब न देने का आरोप : जीव विज्ञान संघष मोर्चा के अध्यक्ष ने बताया कि अधियाचन में गड़बड़ी की जांच की मांग को लेकर उन्होंने शिक्षा निदेशालय एवं चयन बोर्ड दोनों से आपत्ति जताई थी। चयन बोर्ड ने कहा था कि अधियाचित पदों पर उनकी ओर से विज्ञापन जारी किया गया है। पदों को लेकर त्रुटि होने पर शिक्षा निदेशालय ही कुछ स्पष्ट कर सकता है। चयन बोर्ड को इस बारे में अवगत कराया गया तो कोई सकारात्मक उत्तर नहीं दिया गया। ऐसे में अभ्यर्थियों ने निर्णय लिया है कि वह मामले में हाई कोर्ट में याचिका दाखिल करेंगे। मोर्चा अध्यक्ष ने कहा कि जीवविज्ञान विषय के अभ्यर्थियों के साथ पहले भी अन्याय हुआ है। वर्ष 2011 की टीजीटी भर्ती में जीवविज्ञान विषय का परिणाम चयन बोर्ड ने अब तक घोषित नहीं किया है, जबकि इसके बाद की भर्तियां पूरी की जा चुकी हैं।