दुखद: शिक्षक ने रेल पटरी पर जान दी
मुरादाबाद:- रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक पर शनिवार की शाम श्रमजीवी एक्सप्रेस ट्रेन के आगे मदरसे के शिक्षक ने कूदकर जान दे दी। शिक्षक के ऊपर से ट्रेन गुजरने के कारण उसका शव क्षत विक्षत हो गया था। अचानक हुई घटना से रेलवे के अधिकारी और पुलिस के जवान हतप्रभ हो गए। युवक के कब्जे से बरामद थैले में मिले कागजात के आधार पर उसकी शिनाख्त संभल जिले के नखासा निवासी मदरसे के शिक्षक शादिक (40) के रूप से में हुई है। पुलिस की प्राथमिक जांच में आया कि युवक बीमारी से परेशान था।
जीआरपी के उपनिरीक्षक चमन सिंह ने बताया कि मृतक के पास से एक थैला मिला था। थैले में डाक्टरों की पर्चियां मौजूद थीं। तलाशी में उसकी पहचान संभल के नखासा निवासी मदरसे के शिक्षक शादिक के रूप में की गई है। पुलिस ने सूचना देकर शादिक के परिजनों को बुलाया। भाई मोहम्मद फाइक का कहना है कि उसके गले में कुछ समय से समस्या आ गई थी। कंधे के नीचे से खून आने के बाद उसका इलाज चल रहा था लेकिन अभी बीमारी ठीक नहीं हो रही थी। पुलिस ने पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया।


