सराहनीय:- स्कूल संवारने के साथ बच्चों का सुनहरा भविष्य गढ़ रहीं प्रधानाध्यापिका
लखीमपुर खीरी:- आमतौर पर परिषदो य स्कूलों का नाम आने पर लोगों के मन में जो छवि बनती है वह अच्छी नहीं होती। बावजूद इसके शहर के अंग्रेजी माध्यम के प्राथमिक विद्यालय राजापुर की प्रधानाध्यापिका रितु अवस्थी ने अपनी लगन और कड़ी मेहनत के बल पर न केवल विद्यालय को तस्वीर बदली, बल्कि शैक्षिक गुणवत्ता सुधारने में मिसाल कायम की आज दूसरे जिले से भी लोग इस विद्यालय को देखने आते हैं। पड़ोसी जिला हरदोई में जन्मों और लखनऊ में पढ़ी लिखी रितु अवस्थी ने कभी परिषदीय विद्यालयों में पढ़ाई नहीं की। उन्होंने प्राइवेट स्कूलों में शिक्षा ग्रहण की, लेकिन परिषदीय स्कूलों की दशा सुधारने की उनके मन में एक ललक थी। संयोग से उन्हें बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षिका बनने का मौका मिला। वर्ष 2016 में राजापुर प्राथमिक विद्यालय का चयन अंग्रेजी माध्यम स्कूल के रूप में हुआ तभी रितु को स्कूल की प्रधानाध्यापिका का दायित्व सौंपा गया।