एडेड कालेजों को मिले 94 नए प्रधानाचार्य, छह का परिणाम रुका

एडेड कालेजों को मिले 94 नए प्रधानाचार्य, छह का परिणाम रुका

प्रयागराज:- कानपुर मंडल के अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) माध्यमिक विद्यालयों को दस साल बाद चयनित प्रधानाचार्य मिल सके हैं। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड ने सोमवार को चयन परिणाम जारी कर दिया। इसमें 94 प्रधानाचार्यों का चयन किया गया है, जबकि छह माध्यमिक विद्यालयों में चयन हाई कोर्ट के आदेश पर रोक दिया गया। इसके अलावा हाईकोर्ट के आदेश पर दस विद्यालयों के लिए चयन बोर्ड ने साक्षात्कार की प्रक्रिया नहीं कराई थी। कानपुर मंडल में प्रधानाचार्य भर्ती के लिए जनवरी-2011 में माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड ने विज्ञापन जारी किया था। इसमें पद बढ़कर 118 हो गए थे। 


चयन बोर्ड ने वर्ष 2016 में साक्षात्कार शुरू कराया तो कुछ अभ्यर्थियों ने गलत साक्षात्कार होने सहित कुछ और आरोप लगाकर हाई कोर्ट में याचिका दाखिल कर दी थी। इस याचिका पर हाई कोर्ट के छह अप्रैल 2016 के आदेश पर चयन बोर्ड ने साक्षात्कार रोक दिया था। इसके बाद 12 दिसंबर 2019 को कोर्ट ने साक्षात्कार आयोजित करने का आदेश चयन बोर्ड को दिया था। चयन बोर्ड उस समय प्रवक्ता संवर्ग, प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक भर्ती के साथ कुछ पुरानी भर्तियों को पूरी करने में लगा रहा, जिसके कारण इस प्रधानाचार्य भर्ती का साक्षात्कार पिछड़ गया। इस साक्षात्कार को चयन बोर्ड ने 31 मार्च और एक अप्रैल 2022 को संपन्न कराया था। 

चयन बोर्ड के सचिव नवल किशोर ने बताया कि इस भर्ती में याचिका हाई कोर्ट में दाखिल की गई थीं। कोर्ट के आदेश के अनुरूप परिणाम घोषित किया गया है। कोर्ट ने कानपुर नगर निगम द्वारा संचालित चार माध्यमिक कालेजों, वैदिक टेक्निकल एवं औद्योगिक इंटर कालेज दिबियापुर, औरैया तथा नारायण आर्य कन्या इंटर कालेज फर्रूखाबाद का परिणाम रोक दिया, जिसके चलते इन कालेजों का परिणाम नहीं जारी किया गया। इसके अलावा गलत अधियाचन सहित कुछ आरोप लगाकर दाखिल की गई याचिका पर कोर्ट ने 18 माध्यमिक कालेजों का अधियाचन पहले ही निरस्त कर दिया था, जिसके कारण इनका साक्षात्कार नहीं कराया गया। सचिव ने बताया कि इस परिणाम के साथ वर्ष 2011 की सभी मंडलों की प्रधानाचार्य भर्ती पूरी हो गई है।

एसएससी ने जारी की उत्तरकुंजी राज्य ब्यूरो, प्रयागराज:- कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) ने पिछले महीने हुई संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा (टियर-1) 2021 परीक्षा की उत्तरकुंजी सोमवार को वेबसाइट पर जारी कर दी। अभ्यर्थी इसे देखकर साक्ष्य के साथ सात मई को शाम पांच तक आपत्ति कर सकते हैं। यह परीक्षा 11 से 21 अप्रैल तक आयोजित की गई थी। उत्तरकुंजी का लिंक कर्मचारी चयन आयोग की वेबसाइट पर है।