परिषदीय विद्यालयों में खेल सामग्रियों की होगी पड़ताल
गड़बड़ी मिलने पर प्रधानाध्यापकों पर कसंगा शिकंजा, मिडिल में 10 व प्राइमरी में पांच हजार रुपये की दी गई है धनराशि
प्रतापगढ़:- बच्चों की खेल प्रतिभा तराशने के लिए प्राइमरी व मिडिल स्कूल में खेल सामग्रियों की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है। इसके लिए मिडिल स्कूलों में 10 व प्राइमरी में 5 हजार रुपये की धनराशि दी गई है। विद्यालयों में खेल सामग्रियों की व्यवस्था की गई है या नहीं, अब इसकी पड़ताल की जाएगी। इसके लिए ब्लॉकवार टीमें गठित की गईं हैं। जांच में अनियमितता मिलने पर प्रधानाध्यापकों पर शिकंजा कसा जाएगा।
जिले में 2023 प्राइमरी व 722 मिडिल स्कूल हैं। इन स्कूलों में 298749 बच्चे शिक्षा ग्रहण करते हैं। परिषदीय विद्यालयों में बच्चों की शिक्षा के साथ ही स्वास्थ्य पर भी जोर दिया जा रहा है। विद्यालयों में गुणवत्तायुक्त मध्याह्न भोजन दिया जाता है। इसके अलावा बच्चों की खेल प्रतिभा तराशने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। जिले के सभी मिडिल व प्राइमरी स्कूलों में खेल सामाग्रियों के लिए पौने दो करोड़ का बजट आया है। इसके तहत विद्यालयों में खेल सामग्रियों की व्यवस्था की जानी है। मिडिल में 10 हजार की धनराशि से 21 प्रकार की खेल सामग्रियों की व्यवस्था किए जाने का निर्देश दिया है। जिसमें हॉकी, क्रिकेट, वॉलीबाल, फुटबाल, बॉस्केटबाल, डिस्कस थ्रो आदि शामिल हैं। जबकि प्राइमरी स्कूल में भी 20 प्रकार की खेल सामग्रियों की व्यवस्था करनी है। अब विद्यालयों में इसकी जांच की जाएगी। बेसिक शिक्षा विभाग ने इसके लिए ब्लॉकवार टीमें गठित की हैं। हर विद्यालय में खेल सामग्रियों का सत्यापन होगा। गड़बड़ी मिलने पर संबंधित प्रधानाध्यापक के खिलाफ कार्रवाई होगी।