उ०प्र० में आज रहेगा सार्वजनिक अवकाश, बंद रहेंगे स्कूल और दफ्तर
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता कल्याण सिंह जी का निधन हो गया। वह बीते कुछ समय से बीमार चल रहे थे। उनका अंतिम संस्कार आज यानि सोमवार (23 अगस्त) को अलीगढ़ के नरौरा में गंगा तट पर किया जाएगा। इसके चलते आज उ०प्र० में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। उ०प्र० सरकार ने शनिवार को कल्याण सिंह जी के निधन पर शोक जताते हुए प्रदेश में तीन दिनों के राजकीय शोक और 23 अगस्त, 2021 यानि की आज सार्वजनिक अवकाश की भी घोषणा की थी।
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह जी ने उ०प्र० में तीन दिन के राजकीय शोक के साथ ही पार्टी की ओर से भी किसी कार्यक्रम का आयोजन इन तीन दिनों में नहीं आयोजित किया जाएगा। उ०प्र० में आज सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की गई है, जिस दौरान सभी कार्यालयों, स्कूलों में अवकाश रहेगा। इसकी घोषणा उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से की गई है, जिसके मद्देनजर सोमवार को प्रदेश में सभी स्कूल व अन्य दफ्तर बंद रहेंगे।
राजस्थान में दो दिनों का राजकीय शोक
दिवांगत कल्याण सिंह जी राजस्थान के राज्यपाल भी रहे हैं। कांग्रेस शासित राजस्थान में भी सरकार ने बीजेपी के दिग्गज नेता व उ०प्र० के पूर्व मुख्यमंत्री व राजस्थान के राज्यपाल रहे कल्याण सिंह जी के निधन पर दो दिन के राजकीय शोक और 23 अगस्त को सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है। इससे पहले राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की अध्यक्षता में हुई राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में राज्य के पूर्व राज्यपाल के निधन पर गहरा दु:ख जताया गया और शोक प्रस्ताव पारित किया गया।

