निरीक्षण करने पहुंचे प्रभारी बी०एस०ए० को शिक्षिका ने स्कूल में बनाया बंधक, एक घंटे बाद निकाला कमरे से बाहर
श्रावस्ती के प्राथमिक विद्यालय धुसवा में जांच करने पहुंचे प्रभारी बी०एस०ए० को शिक्षिका पर रौब झाड़ना पड़ा भारी
तुलसीपुर (श्रावस्ती):- समय पर शिक्षकों का विद्यालय न पहुंचना जिले में आम बात है। गुरुवार को इसकी जांच करने प्राथमिक विद्यालय धुसवां पहुंचे प्रभारी बी०एस०ए० से शिक्षिका ने अभद्रता की, इस दौरान उन्हें घंटों बंधक भी बनाया गया। आरोप है कि इस बीच शिक्षिका के पति ने प्रभारी बी०एस०ए० से हाथापाई भी की। जानकारी होने पर पहुंचे शिक्षक नेता के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। फिलहाल मामले में अब तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है।
श्रावस्ती के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी इस समय अवकाश पर हैं, जिसके कारण खंड शिक्षाधिकारी कृष्ण कुमार राणा को बी०एस०ए० का प्रभार मिला है। गुरुवार को करीब साढ़े नौ बजे प्रभारी बी०एस०ए० विकास क्षेत्र गिलौला के प्राथमिक विद्यालय धुसवां जांच करने गये, वहां शिक्षिका शीला कुमारी अनुपस्थित मिलीं। इस पर प्रभारी बी०एस०ए० ने जब उनसे फोन पर विद्यालय न आने का कारण पूछा तो रास्ते में होने की बात बताई गई।
दस बजे अपने पति अमित कुमार के साथ विद्यालय पहुंचीं शिक्षिका प्रभारी बी०एस०ए० पर भड़क गईं। उनका आरोप था कि प्रभारी बी०एस०ए० की ओर से बार-बार फोन करने के कारण उनका एक्सीडेंट हो गया जिससे उन्हें चोट आई है। इसके बाद शिक्षिका व उनके पति ने प्रभारी बी०एस०ए० को कमरे में बंद कर बाहर से ताला लगा दिया। इसके बाद वह दवा कराने चली गईं। वहां से लौटने के बाद प्रभारी बी०एस०ए० को कमरे से बाहर निकाला गया। इस दौरान शिक्षिका और उसके पति ने प्रभारी बी०एस०ए० से अभद्रता की और उनसे हाथापाई भी की।
प्रभारी बी०एस०ए० के सूचना के बाद मौके पर पहुंचे शिक्षक संघ के गिलौला ब्लॉक अध्यक्ष सत्यप्रकाश वर्मा ने मामले को शांत कराया। इस दौरान जब प्रभारी बी०एस०ए० वाहन से लौटने लगे तो शिक्षिका के पति ने उनके वाहन के सामने साइकिल फेंक दी जिसकी सूचना प्रभारी बी०एस०ए० ने सोनवा पुलिस को दी, सूचना के बाद जब तक प्रभारी निरीक्षक सोनवा मौके पर पहुंचे तब तक सभी लोग विद्यालय से जा चुके थे। इस बारे में प्रभारी निरीक्षक सोनवा सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि अभी तक किसी पक्ष से कोई तहरीर नहीं मिली है, यदि तहरीर मिलेगी तो मामला दर्ज कर जांच की जाएगी।
देखें ये वीडियो:-
👇👇👇👇


